जिले के सरकारी स्कूलों में बीएलओ ड्यूटी के चलते शिक्षण कार्य प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने नया आदेश जारी किया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि बीएलओ ड्यूटी के बावजूद शिक्षक विद्यालय से कार्यमुक्त नहीं किए जाएंगे और उन्हें विद्यालय में उपस्थित रहकर ही शिक्षण कार्य करना होगा।
जिले में कई ऐसे मामले सामने आए हैं जहां बीएलओ ड्यूटी पर लगे शिक्षक विद्यालय से कार्यमुक्त होकर कई दिन तक स्कूल में उपस्थित नहीं होते, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित हो रही है और विद्यालय की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। आदेश में सभी राजकीय विद्यालयों के मुखियाओं और डीईओं को निर्देश दिए गए हैं कि बीएलओ ड्यूटी कर रहे शिक्षक विद्यालय में रहकर ही शिक्षण कार्य के साथ-साथ अपना बीएलओ संबंधी कार्य करें। अब बीएलओ ड्यूटी के लिए शिक्षकों को विद्यालय समय में बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी विशेष परिस्थिति में विद्यालय से बाहर जाना आवश्यक हो, तो सभी बीएलओ एक साथ विद्यालय न छोड़ें, ताकि विद्यालय का शिक्षण कार्य किसी भी स्थिति में प्रभावित न हो। यदि कोई बीएलओ बिना सूचना के विद्यालय में उपस्थित नहीं पाया जाता है तो उसे अवकाश पर माना जाएगा। इसके अलावा किसी भी प्रकार की लापरवाही होती है तो विद्यालय मुखिया और संबंधित अध्यापक पर कार्रवाई की जाएगी। डीईईओ सरोज दहिया ने बताया कि इस बारे में बीईओ को दिशा निर्देश जारी किया गया है