• Sun. Sep 20th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

नोएडा: एसएससी परीक्षा घोटाले का फर्जी वीडियो वायरल

ByAnkshree

Dec 7, 2025

सेक्टर-90 स्थित आईटी कंपनी ऐप्सक्वाड्ज सॉफ्टवेयर प्राइवेट लिमिटेड ने सोशल मीडिया पर उसके खिलाफ कथित रूप से झूठा और भ्रामक वीडियो प्रसारित करने के आरोप लगाया है। कंपनी ने क्रिएटर इकोनॉमी टेक प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशकों सहित कुल 10 लोगों पर आरोप लगाया है। सेक्टर-142 कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है.
आईटी कंपनी का आरोप है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर “एसएससी परीक्षा घोटाला” के नाम से एक फर्जी, संपादित और भ्रामक वीडियो वायरल किया गया है। जिसमें कंपनी का नाम और लोगो दिखाकर उसे कथित परीक्षा घोटाले से जोड़ने की कोशिश की गई। इस वीडियो के कारण कंपनी की साख, व्यापारिक संबंधों और कर्मचारियों पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। शिकायत में कहा गया है कि कंपनी पिछले एक दशक से सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, डिजिटल एजुकेशन टूल्स और वीडियो-एन्क्रिप्शन टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में काम कर रही है। सितंबर 2025 के दूसरे सप्ताह में उन्हें पता चला कि आरोपितों ने संयुक्त रूप से एक वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। जिसमें कंपनी को एसएससी परीक्षा से जुड़े कथित घोटाले में शामिल दिखाने की कोशिश की गई। यह वीडियो 12 सितंबर 2025 को व्हाट्सऐप स्टेटस के रूप में पोस्ट किया गया था। जिसमें कंपनी का नाम और लोगो प्रमुखता से दर्शाया गया।

आरोप है कि क्रिएटर इकोनॉमी टेक प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशक व सहयोगी एक ही पते से संचालन करते हैं और मिलकर सामग्री तैयार करते हैं। वीडियो कई अलग-अलग नंबरों से एक ही समय पर पोस्ट किया गया, जिससे यह स्पष्ट है कि यह एक संगठित साजिश थी। मामले में पुलिस ने सेक्टर-62 स्थित क्रिएटर इकोनॉमी टेक प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक समीर सदाना, सौरभ शर्मा के अलावा राघवेंद्र चौधरी, कौशलेश पाठक, बृजेश पाठक, ज्योति सिंह, सारांश त्यागी, दीपांशु मेहरा, सुशील कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )