• Sun. Feb 1st, 2026

UP: गंगा एक्सप्रेसवे को जेवर एयरपोर्ट से जोड़ेगा 74.3 किमी लंबा लिंक रोड, 54 गांवों की भूमि होगी अधिग्रहित

Report By : ICN Network

उत्तर प्रदेश सरकार ने गंगा एक्सप्रेसवे को जेवर एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए एक अहम कदम उठाया है। इस योजना के तहत यूपीडा (उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण) और यमुना प्राधिकरण मिलकर 74.3 किलोमीटर लंबे लिंक रोड का निर्माण करेंगे। यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे मेरठ के पास गंगा एक्सप्रेसवे से शुरू होकर सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर तक पहुंचेगा।

इस परियोजना के लिए गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर और हापुड़ जिलों के 54 गांवों की भूमि अधिग्रहित की जाएगी। यूपीडा ने इस रूट का एलाइनमेंट भी तैयार कर लिया है। अब यमुना प्राधिकरण और अन्य विभागों के साथ मिलकर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

यूपीडा के अधिकारियों के मुताबिक, इस लिंक रोड के बनने से पश्चिमी यूपी के जिलों से जेवर एयरपोर्ट तक की दूरी और यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। साथ ही गंगा एक्सप्रेसवे का सीधा लाभ जेवर एयरपोर्ट को मिलेगा, जिससे लॉजिस्टिक्स, परिवहन और निवेश को बढ़ावा मिलेगा।

फिलहाल जेवर एयरपोर्ट को जोड़ने के लिए कई योजनाओं पर काम चल रहा है, लेकिन गंगा एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी मिलने के बाद यात्रियों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी। यह एक्सप्रेसवे छह लेन का होगा, जिसे भविष्य में आठ लेन तक बढ़ाया जा सकेगा।

सरकार की मंशा है कि इस रूट पर निर्माण कार्य जल्द शुरू हो ताकि जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने से पहले यह सड़क पूरी हो जाए। परियोजना के तहत जमीन अधिग्रहण के बदले किसानों को उचित मुआवज़ा देने की योजना बनाई जा रही है, ताकि विरोध की स्थिति न बने और काम समय पर पूरा हो।

यह लिंक रोड न केवल नोएडा और जेवर को बेहतर कनेक्टिविटी देगा, बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)