• Sun. Sep 20th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

गाजियाबाद में मुठभेड़ के दौरान पांच शातिर बदमाश घायल होकर गिरफ्तार

Report By:Amit Rana

गाजियाबाद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई तीन अलग-अलग मुठभेड़ों के दौरान पुलिस ने पांच कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये घटनाएं लोनी, निवाड़ी और भोजपुर इलाके में हुईं। गिरफ्तार बदमाशों पर लूट, हत्या की कोशिश, बलात्कार, वाहन चोरी और अवैध हथियार रखने जैसे संगीन अपराधों के अनेक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए इनके कब्जे से अवैध हथियार, गोलियां, नकदी और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

लोनी में पुलिस और एक बदमाश तनवीर के बीच मुठभेड़ हुई। तनवीर ने सुबह एक युवक को गोली मार दी थी और फिर चोरी की बाइक से फरार हो गया। पुलिस की घेराबंदी के दौरान उसने गोली चलाई, लेकिन जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी और वह दबोच लिया गया। तनवीर पर दिल्ली और गाजियाबाद में दर्जनों केस दर्ज हैं।

वहीं निवाड़ी में अपाचे बाइक पर सवार दो अंतरराज्यीय अपराधी राशिद और धनंजय से पुलिस की मुठभेड़ हुई। उन्होंने भी पुलिस पर फायरिंग की, लेकिन जवाबी गोलीबारी में दोनों घायल हो गए। इन पर दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में 80 से ज्यादा केस दर्ज हैं, जिनमें महिलाओं से चेन छीनने की घटनाएं शामिल हैं।

भोजपुर में तीन बदमाशों को पुलिस ने घेरा। पुलिस के रुकने के संकेत पर उन्होंने हमला कर दिया, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में नाजिर उर्फ नाजिम और प्रवेश कुमार गुप्ता घायल हो गए और गिरफ्तार कर लिए गए। तीसरा साथी मौके से फरार हो गया। पकड़े गए बदमाशों ने कबूल किया कि उन्होंने हाल ही में एक सुनार से लूट की थी और उनका आपराधिक इतिहास अलीगढ़ और बदायूं में फैला हुआ है।

पुलिस ने इन अभियानों में तीन मोटरसाइकिलें, जिनमें दो चोरी की थीं, एक देसी पिस्टल, चार तमंचे, सात जिंदा कारतूस, पांच खोखा कारतूस और नकद राशि बरामद की है। इन मुठभेड़ों से यह स्पष्ट है कि गाजियाबाद पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपना चुकी है और कानून व्यवस्था को लेकर कोई समझौता नहीं किया जा रहा।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)