• Thu. Feb 19th, 2026

कन्नौज में 17 साल की बेटी ने पिता की गर्दन आरी से काट कर की अलग,हत्या क्यों की पुलिस जांच में जुटी

Report By : Rishabh Singh, ICN Network
कन्नौज में 12वीं की नाबालिग छात्रा ने आरी से पिता का गला रेत दिया। 17 साल की लड़की ने सोते वक्त वारदात की। उसके पिता VDO के पद पर कार्यरत थे। छात्रा ने अपने भाई पर भी हमला किया, लेकिन वह बच गया।

घटना छिबरामऊ के करमुल्लापुर गांव की है। पुलिस के मुताबिक, 48 साल के अजय पाल राजपूत सौरिख ब्लॉक में तैनात थे। रात को वह घर में सो रहे थे, तभी उनकी हत्या की गई। पिता की हत्या के बाद बेटी हथौड़ा लेकर भाई सिद्धार्थ के कमरे में पहुंची, लेकिन उसकी आंख खुल गई।

बहन के वार से बचने के बाद भाई उठकर दूसरे कमरे में भागा। पिता की लाश देखकर वह चिल्लाने लगा। इसके बाद परिजनों ने दौड़ाकर बेटी को पकड़ लिया। हत्या क्यों की गई? पुलिस इसका पता कर रही है। पुलिस ने लड़की को हिरासत में लिया है।

गांव के लोगों के मुताबिक, लड़की का एक लड़के से अफेयर चल रहा था। माना जा रहा है कि पिता और भाई को इसके बारे में पता चल गया था। शायद यही वजह रही होगी कि लड़की ने पिता और भाई को रास्ते से हटाने की सोची। पुलिस आरोपी लड़की से पूछताछ कर रही है। साथ ही इस मामले में एक लड़के को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

सिद्धार्थ ने बताया कि बहन के हाथ में हथौड़ा था। उसके आने की आहट से मेरी आंख खुल गई। मैंने जैसे ही करवट ली तो उसने मुझ पर हथौड़ा मारा, लेकिन मैंने किनारे हटा और तुरंत बहन को धक्का मारकर गिरा दिया। इसके बाद उसे पकड़ लिया। हाथ दबाकर हथौड़ा छीना और घसीटकर पापा के कमरे में ले गया। वहां देखा कि पापा का गला कटा पड़ा है, जिसे देखकर मेरी चीख निकल गई। आवाज सुनकर बाकी परिवार वाले भी आ गए। पुलिस को तुरंत घटना की सूचना दी।

छिबरामऊ सीओ डॉ. प्रियंका बाजपेयी ने बताया- शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। मृतक की बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जोकि इंटर की छात्रा है। उसने पिता की हत्या क्यों की, इसकी जानकारी के लिए जांच-पड़ताल जारी है।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)