• Sun. Feb 22nd, 2026

कानपुर: सेल्फी लेने के दौरान गंगा में गिरा युवक, बचाने में तीन दोस्त भी डूबे

Report By : ICN Network

महाराजपुर थाना क्षेत्र के चांदनपुर गांव स्थित सिलवासा घाट पर गंगा नहाने गए छह दोस्तों में से चार गहरे पानी में डूब गए। हादसा तब हुआ जब सेल्फी लेते समय एक युवक का पैर फिसल गया और वह नदी में गिर गया। उसे बचाने के प्रयास में तीन अन्य दोस्त भी डूब गए।

जानकारी के मुताबिक, हर हर महादेव गेस्ट हाउस, न्यू आजाद नगर, सतबरी कानपुर निवासी राहुल सिंह, सुमित सिंह, महेंद्र कुशवाहा उर्फ नीरज और यशोदा नगर, थाना नौबस्ता निवासी प्रियांशु अग्रवाल गंगा की गहराई में समा गए। वहीं, उनके साथ मौजूद दो अन्य दोस्त, राजकुमार यादव और शिवम साहू किसी तरह बच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी दोस्त पहले घाट किनारे बैठकर शराब पी रहे थे और फिर मोबाइल से सेल्फी लेने लगे। इसी दौरान नीरज का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने की कोशिश में बाकी तीन दोस्त भी डूब गए। घटनास्थल पर मौजूद एक महिला ने साड़ी फेंककर बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक सभी पानी में समा चुके थे।

हादसा शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे हुआ। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और करीब 25 किलोमीटर तक गंगा में तलाश की, लेकिन डूबे युवकों का कोई सुराग नहीं मिला।

घटनास्थल पर डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार समेत पूरी पुलिस टीम मौजूद रही। अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन को रोक दिया गया है। पुलिस ने बताया कि शनिवार सुबह 7 बजे से एनडीआरएफ और पीएसी गोताखोरों की टीम फिर से खोज अभियान शुरू करेगी।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)