यमुना सिटी के जेवर थाना क्षेत्र में एक घर के बाहर बदमाशों द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग का मामला सामने आया है। लेनदेन के विवाद के चलते बदमाशों ने घर के बाहर कई राउंड गोलियां चलाईं, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि, घटना के कई दिन बाद भी न तो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई और न ही उनकी गिरफ्तारी हो सकी। अब सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई है और मामले की जांच तेज कर दी गई है।
घटना जहांगीरपुर चौकी क्षेत्र की है। फायरिंग की पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में दोनों बदमाश बेखौफ होकर दोनों हाथों में हथियार लिए फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि होटल के किराए और लेनदेन को लेकर आरोपियों से विवाद चल रहा था, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना के बाद से पूरा परिवार सदमे में है और घर से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहा है।यह घटना 25 मई 2026 की शाम करीब सात बजे की बताई जा रही है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि दो महीने बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, जिससे उनका पुलिस पर भरोसा कम हुआ है। परिवार ने चौकी पुलिस पर समझौते का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है। वहीं, सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद ग्रामीणों में भी आक्रोश है और वे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

