मुंबई। महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित सानपाड़ा के सेक्टर 1 की प्रतीक्षा बिल्डिंग में सुबह जोरदार धमाका होने से अफरा-तफरी मच गई। यह धमाका सागर फैमिली रेस्टोरेंट में हुआ। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए म्युनसिपल कॉर्पोरेशन के वाशी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है।
प्रतीक्षा कमर्शियल बिल्डिंग में हुए धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि इसका असर पास स्थित अभिमन्यु CHS की दुकानों तक भी पहुंचा। बिल्डिंग के सामने मौजूद अस्पताल की खिड़कियों के शीशे भी धमाके की वजह से टूट गए। इसके अलावा आसपास की करीब 6 दुकानों को भारी नुकसान पहुंचने की जानकारी है।
वाशी फायर डिपार्टमेंट के ऑफिसर पुरुषोत्तम जाधव के अनुसार, सानपाड़ा में हुए इस धमाके की जांच फिलहाल जारी है। शुरुआती जांच के दौरान आसपास की एक खाने की दुकान में रखे तीनों सिलेंडर सुरक्षित पाए गए हैं। धमाके की वास्तविक वजह जानने के लिए जांच की जा रही है। हालांकि, प्रारंभिक जानकारी में गैस सिलेंडर में धमाका होने की बात सामने आई है।

