• Thu. Sep 17th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

नोएडा:अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों के नाम पर नकली उत्पाद तैयार करने वाले एक नेटवर्क का पर्दाफाश

कोतवाली फेज-1 क्षेत्र में नामी अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों के नाम पर नकली उत्पाद तैयार करने वाले एक नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। कंपनी की अधिकृत टीम ने पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए सेक्टर-10 में फैक्टरी में छापेमारी की। इस दौरान बड़ी मात्रा में फर्जी टैग, लेबल और अन्य सामग्री बरामद की गई, जिनका इस्तेमाल ब्रांडेड कपड़ों को नकली रूप देने के लिए किया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।पुलिस के अनुसार, हरदोई जिले के भोगीपुर गांव निवासी सौरभ कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है।

उन्होंने बताया कि वह सेक्टर-19 स्थित यूनाइटेड एंड यूनाटेड कंपनी में फील्ड ऑफिसर हैं। उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ लोग अंडर आर्मर, नाइकी और ए सिक्स जैसे प्रसिद्ध ब्रांडों के नाम पर नकली टैग और लेबल लगाकर कपड़े तैयार कर बाजार में बेच रहे हैं। सूचना की पुष्टि होने के बाद पांच अगस्त को फेज-1 थाना पुलिस के सहयोग से सेक्टर-10 के सी ब्लॉक में छापा मारा गया।मौके पर जांच के दौरान अंडर आर्मर ब्रांड के बड़ी संख्या में फर्जी टैग और लेबल बरामद हुए। पूछताछ में मौके पर मौजूद व्यक्ति ने अपनी पहचान शैलेश यादव के रूप में बताई। उसने बताया कि वह मूल रूप से छिजारसी कॉलोनी, सेक्टर-63 का निवासी है और फिलहाल चौड़ा रघुनाथपुर, सेक्टर-22 में रह रहा है।

जांच के दौरान आरोपी ने सेक्टर-10 में संचालित एक अन्य यूनिट की जानकारी भी दी। इसके बाद टीम ने वहां भी तलाशी ली, जहां से एक हजार से अधिक फर्जी लेबल, टैग और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद हुई। एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला ट्रेडमार्क उल्लंघन और नकली उत्पाद तैयार करने से जुड़ा लग रहा है। जांच रिपोर्ट और जब्त सामग्री की परीक्षण रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )