नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एकीकृत नेटवर्क और सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर की स्थापना व संचालन की जिम्मेदारी टेक महिंद्रा को सौंपी गई है। इस संबंध में एयरपोर्ट की ऑपरेटर कंपनी यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रा. लि. (यापल) और टेक महिंद्रा के बीच समझौता हुआ है। यापल के मुताबिक, इस साझेदारी से एयरपोर्ट के लिए सुरक्षित, मजबूत और भविष्य के अनुरूप तकनीकी इकोसिस्टम विकसित किया जाएगा।
समझौते के तहत टेक महिंद्रा एयरपोर्ट के आईटी एप्लिकेशन, डेटाबेस, नेटवर्क, सर्वर, स्टोरेज सिस्टम और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की 24 घंटे निगरानी और प्रबंधन करेगी। एकीकृत एनओसी और एसओसी के माध्यम से नेटवर्क व साइबर हमलों की पहचान, विश्लेषण और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाएगी, जिससे एयरपोर्ट संचालन निर्बाध बना रहे और आईटी प्रणालियों की सुरक्षा और अधिक सुदृढ़ हो सके।