बॉर्डर थानाक्षेत्र के दिल्ली सहारनपुर मार्ग पर स्थित मीनाक्षी हॉल के पास रेस्तरां की आड़ में संचालित हो रहे अवैध हुक्का बार पर पुलिस ने छापा मारा। शनिवार रात हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक युवती समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही हुक्का बार से 15 हुक्के, 15 चिलम, 15 पाइप, 13 चिमटा, एक छोटी डायरी और दो पैकेट फ्लेवर वाली तंबाकू के बरामद किए हैं।
एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि रेस्तरां की पहली मंजिल पर हुक्का बार संचालित होने की शिकायत मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तब शिकायत सही मिली। वहां बिलिंग कर रही युवती समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें दिल्ली के शास्त्री पार्क का रहने वाला सनवर उर्फ सोनू, लोनी के रोहित, विशाल, राहुल और आरीश व प्रिया हैं।
संचालन से जुड़े दस्तावेज मांगने पर आरोपी नहीं दिखा पाए। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हुक्का बार दिल्ली शाहदरा निवासी सतीश गर्ग का है। पुलिस ने उसकी तलाश भी शुरू कर दी है।