संसद सत्र के दौरान लोकसभा में सियासी घमासान जारी है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखे वार-पलटवार हो रहे हैं। इसी बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख की एक किताब का हवाला देते हुए केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। अब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उनके आरोपों पर कड़ा जवाब दिया है।
फडणवीस ने कहा कि राहुल गांधी बिना तथ्यों के बयान देकर देश, सेना और शहीदों की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सुर्खियों में बने रहने के लिए ऐसे मुद्दे उठाए जा रहे हैं।
दरअसल, मुख्यमंत्री फडणवीस हरिद्वार में एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। वहां मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि सेना और शहीदों का सम्मान पूरे देश के लिए सर्वोच्च है और इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे बयानों से देश की नहीं, बल्कि बयान देने वाले की छवि खराब होती है।
इससे पहले राहुल गांधी संसद में पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की अप्रकाशित आत्मकथा ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ की प्रति लेकर पहुंचे थे। उन्होंने दावा किया कि किताब में 2020 के भारत-चीन सीमा विवाद के दौरान सरकार की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। राहुल ने कहा कि यदि प्रधानमंत्री सदन में आएंगे तो वे उन्हें यह पुस्तक भेंट करेंगे।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार इस पुस्तक के अस्तित्व से इनकार कर रही है, जबकि इसमें लद्दाख गतिरोध के दौरान राजनीतिक निर्देशों को लेकर टिप्पणी दर्ज है। हालांकि, सरकार ने संसद में अप्रकाशित और अप्रमाणित सामग्री को रिकॉर्ड में शामिल करने पर कड़ी आपत्ति जताई।
बताया जा रहा है कि यह किताब फिलहाल रक्षा मंत्रालय की समीक्षा में लंबित है और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स से भी हटाई जा चुकी है। मामले को लेकर राजनीतिक बहस और तेज हो गई है।