• Thu. Oct 1st, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

नोएडा में ठगी करने वाले 25 हजार के इनामी को क्राइम ब्रांच ने राजस्थान से किया गिरफ्तार

Report By : Rishabh Singh, ICN Network

नोएडा में बाइक बोट की तर्ज पर करोड़ों की ठगी करने वाले 25 हजार के इनामी ठग को सेक्टर-58 थाना पुलिस और क्राइम रिस्पांस टीम ने राजस्थान के अलवर से गिरफ्तार किया है। पुलिस की टीम इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

नोएडा की थाना सेक्टर 58 पुलिस और सीआरटी टीम ने 25 हजार के इनामी अलवर निवासी संदीप कुमार यादव को राजस्थान के अलवर से से पकडा है। बाइक यात्रा और ई-सारथी के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाली एमआईपी कंपनी का कर्मचारी था और उसे ग्राहक लाने पर पांच हजार रुपये का कमीशन मिलता था।

डीसीपी क्राइम शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया की संदीप ने इस कंपनी में एक वर्ष का काम किया था और इस दौरान 11 लाख रुपये की कमाई की थी। एमआईपी कंपनी का गठन राजेश खंडेलवाल, नितिन त्यागी, कपिल धामा सहित अन्य लोगों ने अप्रैल 2017 में किया था, कंपनी ने बाइक बोट की तर्ज पर पहले इन लोगों ने बाइक यात्रा और ई-सारथी के नाम करीब आठ हजार से अधिक लोगों से 50 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की थी।

इस मामले में खोड़ा निवासी दिनेश कुमार की तरफ से वर्ष 2019 में कोतवाली सेक्टर-58 में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में फरार चल रहे 25 हजार के इनामी अलवर निवासी संदीप कुमार यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

डीसीपी क्राइम ने बताया कि कंपनी ने 62,100 रुपये जमा करने पर एक साल तक 10,100 रुपये देने का एग्रीमेंट किया गया था। इसके बाद लोग कमाई के लालच में जुड़ गए। करीब दो से तीन महीने तक तो सभी को एग्रीमेंट के मुताबिक पैसे दिए गए। बाद में धीरे-धीरे पैसे देना बंद कर दिया गया। जब निवेशकों ने इसका विरोध किया तो चेक दिए गए जो बाउंस हो गए। इसके बाद कंपनी का दफ्तर बंद कर तीनों संचालक अपने साथियों के साथ भाग गए थे।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)