• Sat. Oct 3rd, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

नोएडा: ऑनलाइन बेटिंग एप से ठगी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस ने ऑनलाइन बेटिंग एप के जरिए लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने शुक्रवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 सिम कार्ड, चार लैपटॉप, 14 मोबाइल फोन, 35 एटीएम कार्ड, तीन पैन कार्ड, तीन आधार कार्ड, चार मेट्रो कार्ड, 9 चेकबुक, चार पासबुक, एक वाई-फाई राउटर और एक लेनोवा कंपनी का टैबलेट बरामद किया है।एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए सेक्टर-122 स्थित एक फ्लैट पर छापा मारा। यहां से प्रमांशु कुमार, प्रदीप सिंह और कुलदीप सिंह को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं और पिछले कुछ समय से नोएडा में रहकर इस अवैध गतिविधि को संचालित कर रहे थे।

जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन देकर लोगों को ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए कम समय में रकम दोगुनी करने का झांसा देते थे। इसके लिए वे लोगों को एक वेबसाइट और संबंधित ऐप से जोड़ते थे। जब लोग लालच में आकर पैसे निवेश करते थे, तो आरोपी उनके साथ धोखाधड़ी कर रकम हड़प लेते थे। कोतवाली सेक्टर-113 में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर ठगी की रकम, बैंक खातों और अन्य पीड़ितों की जानकारी जुटाने में लगी है।बीटेक और पाॅलीटेक्निक छात्र हैं आरोपी : पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में से 20 वर्षीय प्रमांशु कुमार पॉलिटेक्निक का छात्र है, जबकि 25 वर्षीय प्रदीप सिंह बीटेक की पढ़ाई कर चुका है। वहीं 26 वर्षीय कुलदीप सिंह इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया ।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )