• Sat. Sep 26th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

नोएडा: डुप्लीकेट चाबी बनाकर दिल्ली-एनसीआर में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह तीन सदस्यों को गिरफ्तार

कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने डुप्लीकेट चाबी बनाकर दिल्ली-एनसीआर में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की बाइक, 400 से अधिक बनी और अधबनी चाबियां तथा ताला खोलने और चाबी तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।

एसीपी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया, शुक्रवार रात सेक्टर-29 स्थित गंगा अपार्टमेंट के गेट नंबर-दो के पास वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा कर उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान मध्य प्रदेश के खरगोन निवासी रमेश सिंह बडोले उर्फ रूप सिंह, जयपाल सिंह और किशन के रूप में हुई। बाइक के दस्तावेज नहीं मिलने पर जांच की गई तो वह दिल्ली से चोरी की निकली। तलाशी में आरोपियों के बैग से 400 से अधिक बनी और अधबनी चाबियां, चाबी तैयार करने के उपकरण, रेती, प्लास, पेचकस, संडासी, लोहे की मिहानी और अन्य औजार बरामद हुए। तीनों के पास से तीन चाकू भी मिले। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चाबी बनाने का काम करने के बहाने घर-घर घूमते थे। इस दौरान यदि कोई उन्हें अलमारी या तिजोरी की चाबी बनवाने के लिए बुलाता था तो मौका मिलते ही नकदी और जेवरात चोरी कर लेते थे।

इसके अलावा बंद पड़े मकानों के ताले खोलना और सुनसान स्थानों पर खड़ी बाइकों की डुप्लीकेट चाबी बनाकर चोरी करना भी उनके गिरोह का तरीका था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )