• Sun. Jul 26th, 2026

ग्रेटर नोएडा: एसटीपी टैंक में जहरीली गैस से दम घुटने से दो की मौत

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-150 स्थित एल्डिको सोसायटी में शनिवार देर रात एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) टैंक की सफाई के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। सफाई के लिए टैंक में उतरा कर्मचारी जहरीली गैस के प्रभाव से बेहोश हो गया। उसे बचाने के लिए नीचे उतरा सिक्योरिटी गार्ड भी गैस की चपेट में आकर अचेत हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि घटना थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र की एल्डिको सोसायटी की है। मृतकों की पहचान शशिकांत शर्मा (40) पुत्र ओमप्रकाश शर्मा निवासी गांव गड़मुरा जिला करौली (राजस्थान) और आकाश (22) पुत्र भगवान सिंह निवासी गांव इटहारी जिला फिरोजाबाद के रूप में हुई है।

शशिकांत एसटीपी टैंक की सफाई करने के लिए नीचे उतरे थे। इसी दौरान टैंक के भीतर मौजूद जहरीली गैस के कारण वह बेहोश हो गए। जब काफी देर तक उनकी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्हें बचाने के लिए सिक्योरिटी गार्ड आकाश टैंक में उतरा, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आकर अचेत हो गया।घटना की सूचना मिलते ही थाना नॉलेज पार्क पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों को टैंक से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि उपचार के दौरान डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )