• Mon. Feb 2nd, 2026

US Illegal Migrants: अमेरिका से अवैध प्रवासियों की निकासी शुरू

Report By : ICN Network
व्हाइट हाउस ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की है, इसमें अवैध प्रवासी सैन्य विमान में जाते हुए नजर आ रहे हैं

अमेरिका में अवैध प्रवासियों की निकासी शुरू हो चुकी है। इन्हें सैन्य विमानों के जरिए बॉर्डर पार ले जाया जा रहा है। व्हाइट हाउस ने हाल ही में एक फ्लाइट की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर साझा की है, जिसमें अवैध प्रवासियों को सैन्य विमान C-17 की ओर ले जाते हुए दिखाया गया है। तस्वीर के साथ पोस्ट में लिखा गया, “वादे किए गए, वादे निभाए गए।”

यह कदम राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक अहम चुनावी वादे को पूरा करने की दिशा में उठाया गया है। ट्रंप ने शपथ ग्रहण के तुरंत बाद अवैध प्रवासियों को अमेरिका से बाहर निकालने के कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए थे। इस आदेश के तहत अब प्रशासन अवैध प्रवासियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा रहा है और फिर अमेरिकी सीमाओं के बाहर भेजा जा रहा है।

अपने चुनाव अभियान के दौरान, ट्रंप ने बार-बार कहा था कि वह अमेरिका में अवैध घुसपैठ को खत्म करेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा था कि राष्ट्रपति बनने के बाद वह ऐसे प्रवासियों को तुरंत अमेरिका से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू करेंगे। व्हाइट हाउस ने इस कदम को एक संदेश के रूप में पेश करते हुए कहा, “जो कोई भी अवैध तरीके से अमेरिका में दाखिल होगा, उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।”

पहले दिन, दो सैन्य फ्लाइट्स के जरिए 160 अवैध प्रवासियों को रवाना किया गया। हर फ्लाइट में 80-80 प्रवासियों को ग्वाटेमाला भेजा गया। तस्वीर में देखा जा सकता है कि प्रवासियों को हथकड़ी पहनाई गई है और वे एक लाइन में खड़े होकर विमान की ओर बढ़ रहे हैं।

अमेरिका के गृह विभाग ने अपने बयान में कहा, “ग्वाटेमाला और अमेरिका अवैध प्रवास को समाप्त करने और सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” इस बयान के अनुसार, यह अभियान दोनों देशों के सहयोग से शुरू किया गया है।

यह कदम ट्रंप प्रशासन की अवैध प्रवासियों के खिलाफ सख्त नीति और सीमा सुरक्षा को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इससे यह स्पष्ट होता है कि अमेरिका में अवैध प्रवेश अब किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं होगा

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)