एनसीआर में मौसम का बड़ा बदलाव, येलो अलर्ट जारी – बारिश और तेज हवाओं की संभावना
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मंगलवार को मौसम में उल्लेखनीय बदलाव की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग ने 12 मई के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को अनुकूल तैयारी करने की सलाह दी है। विभाग ने बताया है कि आज पूरे दिन बादल छाए रहेंगे, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होगी और तेज हवाओं का असर रहेगा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, दोपहर, शाम और रात के समय मौसम अधिक सक्रिय रहेगा। तेज हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे सावधानी बरतने की आवश्यकता है। ओसत तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक सीमित रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने “थंडरस्टॉर्म विथ रैन” यानि बारिश के साथ आंधी और बिजली चमकने की चेतावनी जारी की है। आईएमडी के मुताबिक पूर्वाह्न के समय हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ 30-40 किमी प्रति घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं। दोपहर और शाम के समय यह स्थिति और भी गंभीर हो सकती है, जब हवाओं की रफ्तार झोंकों के साथ 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। तेज हवाएं और बारिश यातायात व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं। किसानों और निर्माण कार्य से जुड़े लोग विशेष सतर्कता अवश्य बरतें।
मौसम विभाग के अनुसार, 13 मई को भी आंशिक बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ कुछ स्थानों पर बारिश संभव है। इस दिन तापमान 35 डिग्री अधिकतम और 26 डिग्री न्यूनतम रहने का अनुमान है। इसके विपरीत, 14 मई से मौसम साफ होना शुरू हो जाएगा। आगामी दिनों में तापमान 37 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के कारण यह परिवर्तन हुआ है। बारिश व तेज हवाओं से तापमान में गिरावट आएगी और इससे गर्मी से राहत तो मिलेगी ही, वायु गुणवत्ता में भी सकारात्मक सुधार की उम्मीद है।