सेक्टर-62 की रजत विहार सोसाइटी में रहने वाले युवक को मेंटेनेंस जमा नहीं करने पर गार्ड ने रोका तो उसने कार से बूम बैरियर तोड़ दिया। उस पर गार्ड के साथ मारपीट का भी आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस ने मामले में शांतिभंग का चालान किया है।
रजत विहार सोसाइटी में रहने वाले अजय किशोर ने कई माह से मेंटेनेंस शुल्क जमा नहीं किया था। कुछ दिन पहले ही उसके फ्लैट खाली करने की सूचना मिली थी। इस पर एओए ने गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को बगैर मेंटेनेंस दिए आरोपी को नहीं जाने देने कहा था। शुक्रवार की शाम कार में अपना सामान लेकर जब वह जाने लगा तो गार्ड हूब लाल ने बूम बैरियर नहीं उठाया।
बकाया जमा करने कहा तो गुस्साया आरोपी
गार्ड ने जब उसे बकाया मेंटेनेंस शुल्क जमा करने के लिए कहा तो युवक नाराज हो गया और बूम बैरियर को तोड़कर कार को गेट से बाहर निकाला। इसके बाद कार से उतरा और गार्ड को धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट करने लगा। वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह गार्ड को बचाया। इसके बाद युवक गाड़ी लेकर भाग गया। एओए की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

