• Sat. Sep 19th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस: सीएम रेखा गुप्ता ने छात्राओं के लिए कई फैसलों की घोषणा

विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस: सीएम रेखा गुप्ता ने छात्राओं के लिए कई फैसलों का किया ऐलान

दिल्ली में विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सरकार-विद्यालय सहयोग से सुधारों का ऐलान

नई दिल्ली। विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सरकारी स्कूलों के प्राचार्यों तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ एक वर्चुअल संवाद के दौरान छात्राओं के लिए एक सुरक्षित और संवेदनशील वातावरण बनाने के लिहाज से कई महत्वपूर्ण नीतिगत फैसलों की घोषणा की।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘‘मेनस्ट्रुअल हेल्थ मैटर्स’’ अभियान के तहत मासिक धर्म से जुड़ी सुविधाओं के सुधार तथा जागरूकता बढ़ाने की दिशा में नई पहल करने की बात कही। उन्होंने सरकारी स्कूलों, कार्यालयों, सार्वजनिक शौचालयों और आरोग्य मंदिरों में लगे सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीनों के नियमित रख-रखाव को कड़ा करने, साथ ही समय पर रीफिल सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष एडवाइजरी जारी करने की घोषणा की है।

इस पहल का उद्देश्य दिल्ली की हर महिला और छात्रा को उच्च गुणवत्ता वाले, पर्यावरण के अनुकूल बायोडिग्रेडेबल सैनिटरी पैड उपलब्ध कराना है। सरकार इस दिशा में सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्ता-परखी सैनिटरी सामग्री प्रदान करने पर विशेष जोर देगी।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने मासिक धर्म स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी को हर घर तक पहुंचाने के लिए आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की योजना भी बनाई है। इसके अंतर्गत कक्षा 6 से 9 तक के पाठ्यक्रम में मासिक धर्म शिक्षा को और प्रभावी और सुदृढ़ किया जाएगा ताकि छात्राओं को उचित ज्ञान एवं समर्थन मिल सके।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्कूलों में ऐसा वातावरण बनाने पर भी बल दिया, जहां छात्राएं अपनी समस्याओं को बिना किसी झिझक के खुलकर साझा कर सकें और मानसिक तनाव से लड़ने के लिए आवश्यक सहयोग प्राप्त कर सकें। साथ ही उन्होंने कुछ स्कूलों के शौचालयों की खराब स्थिति पर चिंता जताई और आदेश दिए कि शीघ्र ही सभी स्कूलों के शौचालयों की सफाई, टूटी चीजों की मरम्मत एवं बुनियादी सुविधाओं की पूर्ति सुनिश्चित की जाए।

मासिक धर्म के अलावा पीसीओएस, एनीमिया, सर्वाइकल कैंसर, रजोनिवृत्ति और एचपीवी टीकाकरण जैसे अन्य स्वास्थ्य विषयों की भी व्यापक रूप में छात्राओं को जागरूक किया जाएगा। इसके लिए आरोग्य मंदिरों में नियमित स्वास्थ्य सत्र आयोजित किए जाएंगे जहां डॉक्टर और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी सीधे संवाद करेंगे।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि मासिक धर्म स्वास्थ्य केवल एक स्वास्थ्य मुद्दा नहीं है बल्कि सम्मान, जागरूकता और आत्मविश्वास से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग का दायित्व है कि वह स्कूलों में निरंतर जागरूकता अभियान चलाता रहे ताकि इस विषय पर सार्वजनिक चर्चा में वृद्धि हो और छात्राओं को सुरक्षित माहौल प्राप्त हो।

Source

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)