नोएडा में एक कारोबारी फेसबुक पर बनी महिला दोस्ती के चलते भारी साइबर ठगी का शिकार हो गया। महिला ने शेयर बाजार में 30% मुनाफा दिलाने का दावा किया और इसी भरोसे में कारोबारी ने एक महीने में कुल 79 लाख रुपये निवेश कर दिए। लाभ तो दूर, रकम भी वापस न मिलने पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
नोएडा सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा रेजीडेंसी के निवासी जयप्रकाश अग्रवाल आध्यात्मिक वीडियो यूट्यूब पर साझा करते हैं। 10 सितंबर को उनकी फेसबुक पर पहचान आरुषि कपूर नाम की महिला से हुई थी। बातचीत बढ़ने पर दोनों व्हाट्सऐप वीडियो कॉल पर भी बात करने लगे। महिला ने खुद को अमेरिका से लौटी शेयर ट्रेडिंग विशेषज्ञ बताते हुए दावा किया कि वह अपने चाचा की मदद से हर महीने अच्छा मुनाफा कमाती है।
महिला ने भरोसा जीतने के लिए जयप्रकाश को यूबीबसाक ट्रेडिंग एप पर रजिस्टर कराया और शुरुआत में खुद 5 लाख रुपये जमा कर लाभ का भरोसा दिलाया। इसके बाद जयप्रकाश ने 17 सितंबर से 15 अक्टूबर के बीच 12 लेनदेन में कुल 79 लाख रुपये लगा दिए। एप पर उनका पोर्टफोलियो बढ़कर डेढ़ करोड़ रुपये के करीब दिखने लगा।
जब जयप्रकाश ने पूरी राशि निकालने का आवेदन किया तो ठगों ने नया पेंच फंसाया। उनसे 20 लाख रुपये ‘टैक्स’ के नाम पर जमा करने को कहा गया। इंकार करते ही महिला ने संपर्क तोड़ दिया और अपना फेसबुक अकाउंट डिलीट कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने एनसीआरपी पोर्टल और साइबर क्राइम थाना पुलिस से शिकायत की। थाना प्रभारी विजय सिंह राणा के अनुसार, बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
डीसीपी साइबर सुरक्षा शैव्या गोयल ने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि फर्जी ट्रेडिंग एप के नाम पर साइबर ठगी बढ़ रही है, इसलिए अनजान व्यक्ति की सलाह पर निवेश न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत करें ताकि शुरुआती दो घंटे में रकम फ्रीज कराना आसान हो सके।