बीजेपी के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने पार्टी संगठन की कमान औपचारिक रूप से संभाल ली है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने बिहार सरकार के मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। नितिन नबीन नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में पथ निर्माण विभाग तथा नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री थे।
जिम्मेदारी ग्रहण करने के बाद पार्टी के शीर्ष नेताओं ने नितिन नबीन के संगठनात्मक अनुभव और नेतृत्व क्षमता की सराहना की। नेताओं का कहना है कि नबीन पार्टी की सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को नई दिशा देने का काम करेंगे।
सोमवार को बीजेपी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नितिन नबीन का स्वागत और अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर जेपी नड्डा ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वे पार्टी और सरकार की जनहितकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
गृह मंत्री अमित शाह ने भी नितिन नबीन को शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बीजेपी का संगठन और मजबूत होगा तथा मोदी सरकार की नीतियां और पार्टी की विचारधारा देशभर में और व्यापक रूप से पहुंचेगी। पदभार संभालने के बाद नबीन की पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक भी हुई।
45 वर्षीय नितिन नबीन इससे पहले नीतीश सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री रह चुके हैं और पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं। वे पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं और दो बार बिहार सरकार में मंत्री रह चुके हैं। उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों को भी सराहा गया है।
नितिन नबीन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे हैं और उन्हें उनके समर्पण व संगठनात्मक दक्षता के लिए जाना जाता है। पार्टी में उन्हें भावी राष्ट्रीय अध्यक्ष के संभावित चेहरे के तौर पर भी देखा जा रहा है, जिसे बीजेपी में पीढ़ीगत बदलाव का संकेत माना जा रहा है। वे पूर्व बीजेपी विधायक नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र हैं और उनकी नियुक्ति से पार्टी को नई ऊर्जा और नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।