भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ (एनसीसीएफ) ने राजधानी और आसपास के इलाकों में सिर्फ 19 रुपये प्रति किलो प्याज की बिक्री शुरू कर दी है। बाजार में प्याज की कीमत 25 से 35 रुपये प्रति किलो है। इससे आम आदमी की जेब पर भारी बोझ पड़ रहा था।
एनसीसीएफ ने प्याज की पहुंच आसान बनाने के लिए 16 प्रमुख स्थानों पर मोबाइल वैन तैनात की हैं। इनमें मॉडल टाउन, शालीमार बाग, आईएनए मार्केट, आरके पुरम, करोल बाग और पंजाबी बाग जैसे इलाके शामिल हैं। राजीव चौक, उद्योग भवन और पटेल चौक जैसे व्यस्त मेट्रो स्टेशनों पर भी प्याज बिकेगा।
एनसीसीएफ के चेयरमैन विशाल सिंह ने बताया कि यह प्याज नासिक (महाराष्ट्र) से मंगवाया गया है। खास बात है कि इसे भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बीएआरसी) की ओर से विकसित इर्रैडिएशन तकनीक और कोल्ड स्टोरेज में संरक्षित किया गया है, जिससे 4 महीने बाद भी प्याज की गुणवत्ता और स्वाद बरकरार है।
उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के निर्देश पर शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य जनता को बढ़ती कीमतों से बचाना और किसानों को उचित दाम दिलाना है। इससे पहले एनसीसीएफ ने 40 रुपये किलो टमाटर बेचकर भी जनता को बड़ी राहत दी थी। आने वाले समय में सहकारी संस्था जनह ब्रांड के तहत अन्य खाद्य उत्पाद भी किफायती दरों पर बाजार में उतारेगी।