गोल्डन लाइन के तहत एरोसिटी पर बनने वाला नया इंटरचेंज स्टेशन करीब 290 मीटर लंबा होगा, जो दिल्ली मेट्रो नेटवर्क में अब तक का सबसे लंबा स्टेशन होगा। सामान्य इंटरचेंज स्टेशन की तुलना में यह कहीं अधिक बड़ा होगा, ताकि बढ़ती यात्री संख्या और एयरपोर्ट ट्रैफिक को आसानी से संभाला जा सके। डीएमआरसी अधिकारियों के अनुसार, इस मल्टी-लाइन कनेक्टिविटी से न सिर्फ एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को फायदा मिलेगा, बल्कि दक्षिणी दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद से आने-जाने वाले दैनिक यात्रियों का सफर भी तेज और सुगम होगा। प्लेटफॉर्म-टू-प्लेटफॉर्म मिलेगी कनेक्टिविटी
एरोसिटी स्टेशन पर एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन, गोल्डन लाइन और मैजेंटा लाइन का आपसी जुड़ाव यात्रियों के लिए सबसे बड़ा फायदा होगा। यहां प्लेटफॉर्म-टू-प्लेटफॉर्म और कन्कोर्स-टू-कन्कोर्स कनेक्टिविटी दी जाएगी, जिससे बिना स्टेशन से बाहर निकले लाइन बदलना संभव होगा। यही नहीं, भविष्य में यहां एनसीआरटीसी के दिल्ली–अलवर कॉरिडोर को जोड़ने की भी तैयारी है, जिससे यह स्टेशन ट्रिपल इंटरचेंज हब बन सकता है।

