जनकपुरी हादसे पर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार को घेरा है। पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश की राजधानी में सड़क के बीच खुले गड्ढे में गिरकर किसी युवक की मौत होना एक हादसा नहीं, बल्कि हत्या है। नोएडा में हुई घटना के बाद भी भाजपा सरकार नहीं जागी और आज उसी लापरवाही का खामियाजा दिल्ली की जनता भुगत रही है। केजरीवाल ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि सरकार की लापरवाही ने एक घर का चिराग बुझा दिया। प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने घटना को लेकर भाजपा सरकार और दिल्ली पुलिस पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जनकपुरी में पीडब्ल्यूडी की सड़क पर दिल्ली जल बोर्ड ने खोदे गड्ढे में बाइक सवार युवक गिरा, जो पूरी रात वहीं पड़ा रहा और तड़प-तड़प कर उसकी मौत हो गई। सौरभ भारद्वाज ने मंत्री आशीष सूद के सुरक्षा के सभी इंतजाम होने के दावे पर भी सवाल उठाया। उन्होंने प्रत्यक्षदर्शियों का हवाला देते हुए कहा कि बैरिकेडिंग और पर्दे पुलिस के आने के बाद सुबह लगाए गए। आप की बयानबाजी, भाजपा आक्रामक
जनकपुरी में गड्ढे में गिरने से मोटरसाइकिल सवार युवक कमल ध्यानी की मौत पर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली भाजपा परिवार इस दुख की घड़ी में पूरी तरह दिवंगत युवक के परिवार के साथ खड़ा है। पालम से भाजपा विधायक कुलदीप सोलंकी लगातार पीड़ित परिवार के संपर्क में रहे, युवक के इलाज के दौरान हरसंभव सहायता की गई और बाद में उसकी अंत्येष्टि में भी वे स्वयं शामिल हुए। दुर्घटना को लेकर उन्होंने कहा कि नोएडा में हाल ही में हुई घटना के बाद दिल्ली सरकार पहले से ही सतर्क थी और 24 जनवरी को दिल्ली जल बोर्ड ने स्पष्ट सर्कुलर जारी किया था कि सभी खुदाई स्थलों पर पूर्ण बैरिकेडिंग अनिवार्य होगी। सर्कुलर में यह भी साफ किया गया था कि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में प्रोजेक्ट इंचार्ज इंजीनियर और ठेकेदार जिम्मेदार होंगे। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष ने कहा कि हादसे की जानकारी मिलते ही दिल्ली सरकार में गृह मंत्री आशीष सूद और जल बोर्ड मंत्री प्रवेश साहिब सिंह स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और बैरिकेडिंग को लेकर पूरी जांच के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में मानवीय त्रुटि पाई गई, तो चाहे कोई हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

