सेक्टर-95 में बने दलित प्रेरणा स्थल एवं ग्रीन गार्डन की मरम्मत का काम अब शुरू होगा। इसके लिए पहली किश्त के रूप में नोएडा प्राधिकरण ने 30 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। मरम्मत से संबंधित काम उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम कराएगा। अभी तक दलित प्रेरण स्थल की मरम्मत पर आने वाले खर्च को शासन स्तर पर गठित समिति उठाती थी।
पहली बार प्राधिकरण पैसा देगा। इससे संबंधित प्रस्ताव पिछले महीने 6 अप्रैल को हुई प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में रखा गया था। बोर्ड ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी। बोर्ड बैठक में तय किया गया कि प्रेरणा स्थल के अंदर मरम्मत से संबंधित सिविल, उद्यान, बिजली, जल-सीवर आदि संबंधित मरम्मत के काम के लिए प्राधिकरण करीब 104 करोड़ रुपये देगा। इसमें सिविल के कामकाज पर करीब 84 करोड़ रुपये का खर्च अनुमानित है।