ग्रेटर नोएडा में आवासीय, औद्योगिक, व्यावसायिक और ग्रुप हाउसिंग सहित सभी श्रेणी भूखंडों के आवंटन के लिए संशोधित दरें प्राधिकरण ने जारी कर दी हैं। बोर्ड के फैसले के मुताबिक करीब चार प्रतिशत आवंटन दरें पिछले साल की तुलना में बढ़ाई गई हैं। अब इन दरों पर ही आवंटन प्राधिकरण करेगा। ई-नीलामी के लिए भी नई दरों पर रिजर्व दरें तय की जाएंगी।
एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने कार्यालय आदेश जारी किया है। शहर के प्रमुख अल्फा, बीटा, गामा, डेल्टा और स्वर्णनगरी आदि प्रमुख आवासीय सेक्टरों में भूखंडों की आवंटन दर 49,588 से बढ़कर 51,363 रुपये प्रति वर्गमीटर हो गई है।
सबसे कम आवंटन दर 34,680 रुपये प्रति वर्गमीटर सेक्टर-11, 17 और 20 की हैं। व्यावसायिक भूखंडों की आवंटन दर न्यूनतम एफएआर के साथ अब 72,436 से 98,776 रुपये प्रति वर्गमीटर हो गई है। ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं के लिए आवंटन दर 59,266 रुपये प्रति वर्गमीटर रहेगी। एसीईओ का कहना है कि ग्रेटर नोएडा की 143वीं बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भू-आवंटन दरों के निर्धारण का प्रस्ताव रखा गया था जिसे मंजूरी मिल गई थी। नई आवंटन दरें कार्यालय आदेश जारी होने के साथ प्रभावी हो गई हैं।

