• Wed. May 27th, 2026

दिल्ली: सभी सात सांसदों और डीडीए अधिकारियों के साथ अहम बैठक की

दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने बुधवार को दिल्ली के सातों सांसदों और डीडीए अधिकारियों के साथ बैठक कर राजधानी के विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में आवास, जमीन और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने पर मंथन किया गया।

दिल्ली में विकास कार्यों को रफ्तार देने के लिए बुधवार को उपराज्यपाल ने दिल्ली के सातों सांसदों और दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अहम बैठक बुलाई। एलजी तरनजीत सिंह संधू की ये सातों सांसदों के साथ पहली बैठक थी। बैठक में राजधानी की जमीनी जरूरतों और लोगों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। 

योजनाओं का लाभ होता दिखना चाहिए 
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि विकास योजनाओं का असर सीधे लोगों तक दिखना चाहिए। इसके लिए अलग-अलग एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और काम की निगरानी बढ़ाने की जरूरत बताई गई। सांसदों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय मुद्दे भी अधिकारियों के सामने रखे।

दिल्ली की सभी एजेंसियां मिलकर करें काम
एलजी संधू ने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी होने के साथ तेजी से बढ़ता शहर भी है, इसलिए विकास योजनाओं में लोगों की जरूरतों और भविष्य दोनों को ध्यान में रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के विकसित भारत विजन के तहत दिल्ली को विश्वस्तरीय शहर बनाने की दिशा में सभी एजेंसियों को मिलकर काम करना होगा।

तेज होंगी डीडीए की परियोजनाएं 
बैठक में सार्वजनिक सुविधाओं, स्थानीय ढांचे को मजबूत करने और परियोजनाओं की जमीनी मॉनिटरिंग बेहतर करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। माना जा रहा है कि आने वाले समय में डीडीए की कई परियोजनाओं को तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा। 

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )