डीएफसीसी ने बुधवार को 130 मीटर रोड पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर की एक लेन को बंद कर दिया है। मंगलवार को वाहन चालकों ने बैरियर हटाकर संचालन शुरू कर दिया था। डीएफसीसी ने काम अधूरा होने का हवाला दिया है। हालांकि माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जल्द ही इसका उद्घाटन करेंगे। इस कारण बंद किया गया है। वहीं फ्लाईओवर बंद होने के बाद वाहनों को पहले की तरह अंडरपास से निकाला गया।ग्रेनो वेस्ट और ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाली 130 मीटर रोड पर तिलपता चौक और मकौड़ा गोल चक्कर के बीच फ्लाईओवर बन रहा है। जो डीएफसीसी के वेस्टर्न कॉरिडोर के ऊपर बनाया जा रहा है। वर्ष 2020 में इसका निर्माण शुरू हुआ था। निर्माण के दौरान वाहनों को पहले अन्य रास्तों से निकाला गया। बाद में अंडरपास से निकाला जाने लगा, लेकिन वहां जलभराव व सड़क टूटी होने के कारण जाम लगने लगा है। वहीं अब फ्लाईओवर बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन अभी खोला नहीं गया है। मंगलवार को कुछ वाहन चालकों ने तिलपता से मकौड़ा की तरफ जाने वाली लेन से स्वयं बैरियर हटाकर संचालन शुरू कर दिया है। दोपहर बाद सैकड़ों की संख्या में वाहन फ्लाईओवर से गुजरे भी, लेकिन बुधवार को डीएफसीसी ने बैरिकेडिंग कर उस लेन को बंद कर दिया है। जबकि दूसरी लेन पहले से बंद है। डीएफसीसी के अफसरों का कहना है कि फिनिशिंग का काम चल रहा है

