• Wed. Sep 23rd, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

नोएडा: पॉलिसियों पर अधिक मुनाफा दिलाने का लालच देकर लोगों से ठगी करने वाले दो साइबर जालसाजों को गिरफ्तार किया

साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बीमा पॉलिसियों पर अधिक मुनाफा दिलाने का लालच देकर लोगों से ठगी करने वाले दो साइबर जालसाजों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी खुद को एक प्रतिष्ठित बीमा कंपनी का एजेंट बताकर लोगों को पॉलिसी, बोनस और उच्च रिटर्न का वादा करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप, चार स्मार्टफोन और चार की-पैड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

साइबर क्राइम थाना पुलिस ने 20 जुलाई को इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए दिल्ली के शाहीन बाग निवासी 34 वर्षीय अमिरुद्दीन और 32 वर्षीय मुशीर अंजुम को नोएडा से गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ साइबर क्राइम थाने में संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

डीसीपी साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि वे खुद को एक जानी-मानी बीमा कंपनी का एजेंट बताकर लोगों से संपर्क करते थे। इसके बाद, वे पॉलिसी पर अधिक लाभ, बोनस या मैच्योरिटी राशि मिलने का झूठा आश्वासन देकर उनसे अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा करवा लेते थे। रकम प्राप्त करने के बाद, वे पीड़ितों से संपर्क तोड़ देते थे। जांच में यह भी सामने आया कि ठगी की रकम को विभिन्न म्युल बैंक खातों में मंगवाया जाता था। इन खातों के विरुद्ध राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर सात शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें तमिलनाडु की दो, महाराष्ट्र की एक और उड़ीसा की चार शिकायतें शामिल हैं।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )