शाहदरा जिले के गांधी नगर स्थित एक सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल पर महिला सफाई कर्मचारी से छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि प्रिंसिपल ने उसे अपने कमरे में बुलाकर गलत तरीके से छुआ। पुलिस ने शिकायत के बाद प्रिंसिपल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।43 वर्षीय पीड़िता पिछले करीब 11 सालों से स्कूल में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत है। उसने बताया कि यह घटना गत 15 जून को दोपहर दो से तीन बजे के बीच हुई थी। वह डीडी कक्ष की चाबी रखने प्रिंसिपल के कमरे में गई थी। उस समय प्रिंसिपल कमरे में बैठे थे। उन्होंने बातचीत शुरू की और फिर गलत तरीके से छूने लगे। महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे धमकाया। डर के कारण वह रोती हुई घर चली गई और नौकरी जाने के भय से किसी को कुछ नहीं बताया। बाद में उसे पता चला कि प्रिंसिपल ने उसके पर्यवेक्षक से उसे नौकरी से हटाने के लिए कहा है। इससे परेशान होकर उसने अपने बेटे और भाई को घटना की जानकारी दी। परिजनों के कहने पर पीड़िता ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज किया। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने प्रिंसिपल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शाहदरा जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले की छानबीन जारी है। पुलिस स्कूल के अन्य कर्मचारियों और प्रिंसिपल से पूछताछ कर रही है।
पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद वह कई दिनों तक स्कूल नहीं गई। उसे नौकरी जाने का डर सता रहा था। प्रिंसिपल द्वारा नौकरी से हटाने की बात सुनकर वह बुरी तरह परेशान हो गई। इसी के बाद उसने हिम्मत जुटाकर परिवार को अपनी आपबीती बताई।

