भाईंदर में मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर स्थित वर्सोवा पुल से जुड़ी एक गंभीर घटना सामने आई है। सोमवार आधी रात एक दंपती अपनी दो छोटी बेटियों के साथ आत्महत्या करने की कोशिश में था, लेकिन समय रहते पुलिस के पहुंच जाने से परिवार के चारों सदस्यों की जान बच गई।
मिरा भाईंदर-वसई विरार पुलिस आयुक्तालय के कंट्रोल रूम को रात के समय सूचना मिली थी कि वर्सोवा पुल पर एक दंपती दो बच्चों के साथ आत्महत्या करने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही बीट मार्शल नंबर 4 के पुलिस हवलदार कोकरे और पुलिसकर्मी मोहिते को मौके पर भेजा गया।
पुलिस ने आसपास के इलाके में तलाश शुरू की और रात करीब 2:18 बजे दंपती और उनकी दोनों बेटियों को खोज लिया। इसके बाद पुलिस ने चारों को सुरक्षित अपने साथ लिया।
पुलिस के अनुसार, 28 वर्षीय युवक डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करता है और अपने परिवार के साथ मीरा रोड ईस्ट के शांति पार्क इलाके में रहता है। कुछ महीने पहले उसने अपनी बहन से सोना गिरवी रखकर करीब साढ़े तीन लाख रुपये लिए थे। आर्थिक स्थिति बिगड़ने के बाद उस पर सोना छुड़ाकर बेचने और रकम वापस करने को लेकर पारिवारिक दबाव था।
पुलिस का कहना है कि आर्थिक परेशानी और परिवार में चल रहे विवाद के कारण युवक ने अपनी पत्नी और दोनों बेटियों के साथ यह कदम उठाने का फैसला किया था। दोनों बच्चियों की उम्र क्रमशः दो साल और एक साल है।
पुलिस द्वारा परिवार को सुरक्षित अपने साथ लेने के बाद सभी की काउंसलिंग की गई। इसके साथ ही युवक के भाई और बहन को भी पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए समझाया गया।
पुलिस उपनिरीक्षक हरीश पाटील ने बताया कि सूचना मिलने के लगभग 20 मिनट के भीतर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई थी। समय पर हुई कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और परिवार के चारों सदस्यों की जान बच गई।

