नोएडा के सेक्टर-18 में शुक्रवार देर रात पुलिस और बाइक सवार दो संदिग्धों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक आरोपी को गोली लगी, जबकि दूसरे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, 16 अक्टूबर की रात डीएलएफ तिराहे के पास संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच की जा रही थी। तभी बाइक पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया।
सेक्टर-18 की मल्टीलेवल पार्किंग के पास पहुंचने पर आरोपियों ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया। उसकी पहचान सलमान उर्फ राजा के रूप में हुई है। दूसरे आरोपी दानिश को पुलिस ने तलाशी अभियान के दौरान पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से तमंचा, कारतूस, नकदी और स्नैचिंग से जुड़ा एक मोबाइल फोन बरामद किया है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

