बोरीवली ईस्ट के वार्ड नंबर 14 में चुनावी माहौल उस वक्त गरमा गया, जब महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर चुनाव से पहले पैसे बांटने का आरोप लगाया। आरोप लगते ही इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और देर रात तक विवाद चलता रहा।
MNS कार्यकर्ताओं का दावा है कि महानगरपालिका चुनाव से पहले कथित तौर पर वोटरों को नकद दिए जा रहे थे। इसी की जानकारी मिलने पर वे मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। हालात बिगड़ते देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
MNS के जनरल सेक्रेटरी नयन कदम ने आरोप लगाते हुए कहा कि अगर भाजपा को अपनी लोकप्रियता पर भरोसा है, तो वोट के बदले पैसे बांटने की जरूरत क्यों पड़ रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पास एक ऑडियो क्लिप मौजूद है, जिसे जरूरत पड़ने पर सार्वजनिक किया जा सकता है।
वहीं, भाजपा उम्मीदवार सीमा किरण शिंदे ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि वे प्रचार के बाद भोजन कर रही थीं, तभी 50–60 लोग वहां पहुंचे और हंगामा करने लगे। उन्होंने दावा किया कि पुलिस जांच में किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है और यदि आरोप साबित होते हैं, तो वे राजनीति छोड़ने को तैयार हैं।
इधर, वार्ड के विधायक संजय उपाध्याय ने भी MNS के आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास कार्यों और योजनाओं के आधार पर वोट मांगती है, न कि पैसे बांटकर। उनके अनुसार, मौके पर पुलिस और चुनाव अधिकारियों की मौजूदगी में वीडियोग्राफी भी की गई, लेकिन नकद वितरण की पुष्टि नहीं हुई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।