• Sun. Feb 1st, 2026

दिल्ली: टर्मिनल-1 तक सीधी मेट्रो, एयरपोर्ट कनेक्टिविटी को मिलेगा नया आधार

गोल्डन लाइन फिलहाल तुगलकाबाद से दिल्ली एरोसिटी तक बनाई जा रही है, जिसका 80 फीसदी से अधिक काम पूरा हो चुका है। अब इस कॉरिडोर को एक ओर कालिंदी कुंज तक एलिवेटेड रूप में बढ़ाया जाएगा, जबकि दूसरी ओर एरोसिटी से आगे आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 तक विस्तार को मंजूरी दी गई है।

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की तैयारी है। दिल्ली मेट्रो की गोल्डन लाइन के विस्तार के साथ ही दिल्ली एरोसिटी मेट्रो स्टेशन को मल्टी-लाइन इंटरचेंज हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके पूरा होने के बाद यात्रियों को आईजीआई एयरपोर्ट के सभी टर्मिनलों तक तेज, सीधा और आसान मेट्रो कनेक्शन मिलेगा।

गोल्डन लाइन फिलहाल तुगलकाबाद से दिल्ली एरोसिटी तक बनाई जा रही है, जिसका 80 फीसदी से अधिक काम पूरा हो चुका है। अब इस कॉरिडोर को एक ओर कालिंदी कुंज तक एलिवेटेड रूप में बढ़ाया जाएगा, जबकि दूसरी ओर एरोसिटी से आगे आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 तक विस्तार को मंजूरी दी गई है। इसके बाद कालिंदी कुंज, तुगलकाबाद और दक्षिणी दिल्ली के कई इलाकों से टर्मिनल-1 तक बिना लाइन बदले मेट्रो से पहुंचना संभव हो सकेगा। इस विस्तार से यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने के लिए मौजूदा जटिल रूट्स से छुटकारा मिलेगा। अभी दक्षिणी दिल्ली या नोएडा से टर्मिनल-1 पहुंचने के लिए यात्रियों को ब्लू, वॉयलेट या मैजेंटा लाइन के बीच कई बार मेट्रो बदलनी पड़ती है। कुछ रूट्स पर यात्रियों को स्टेशन बदलने के लिए पैदल चलना भी पड़ता है, जिससे समय और ऊर्जा दोनों खर्च होते हैं। गोल्डन लाइन के विस्तार के बाद यह सफर कहीं ज्यादा सीधा और समय बचाने वाला हो जाएगा।

इंटरचेंज स्टेशन 290 मीटर लंबा होगा… 
गोल्डन लाइन के तहत एरोसिटी पर बनने वाला नया इंटरचेंज स्टेशन करीब 290 मीटर लंबा होगा, जो दिल्ली मेट्रो नेटवर्क में अब तक का सबसे लंबा स्टेशन होगा। सामान्य इंटरचेंज स्टेशन की तुलना में यह कहीं अधिक बड़ा होगा, ताकि बढ़ती यात्री संख्या और एयरपोर्ट ट्रैफिक को आसानी से संभाला जा सके। डीएमआरसी अधिकारियों के अनुसार, इस मल्टी-लाइन कनेक्टिविटी से न सिर्फ एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को फायदा मिलेगा, बल्कि दक्षिणी दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद से आने-जाने वाले दैनिक यात्रियों का सफर भी तेज और सुगम होगा। 

प्लेटफॉर्म-टू-प्लेटफॉर्म मिलेगी कनेक्टिविटी
एरोसिटी स्टेशन पर एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन, गोल्डन लाइन और मैजेंटा लाइन का आपसी जुड़ाव यात्रियों के लिए सबसे बड़ा फायदा होगा। यहां प्लेटफॉर्म-टू-प्लेटफॉर्म और कन्कोर्स-टू-कन्कोर्स कनेक्टिविटी दी जाएगी, जिससे बिना स्टेशन से बाहर निकले लाइन बदलना संभव होगा। यही नहीं, भविष्य में यहां एनसीआरटीसी के दिल्ली–अलवर कॉरिडोर को जोड़ने की भी तैयारी है, जिससे यह स्टेशन ट्रिपल इंटरचेंज हब बन सकता है।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )