ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत टेकजोन-चार स्थित हैबीटेक पंचतत्व सोसायटी के टावर नंबर ए-6 में शुक्रवार शाम 24वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में अचानक आग लग गई। आग सिलेंडर से गैस लीकेज के दौरान पूजा के लिए जलाए गए दीपक से लगी। घटना में फ्लैट में रह रहे बुजुर्ग दंपती मामूली रूप से झुलस गए। जबकि तीन कमरों में रखा लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर खाक हो गया।
जानकारी के मुताबिक घटना शाम करीब 7:30 बजे की है। टॉवर के 24वें तल पर स्थित यह फ्लैट मीनल शर्मा के नाम पर है। जिसमें बुजुर्ग दंपती रहते हैं। आग लगते ही फ्लैट से धुआं उठने लगा और दंपती की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी बाहर निकल आए। तत्काल सोसायटी के सुरक्षा गार्ड बुद्धराम को सूचना दी गई। इसके बाद सुरक्षा गार्ड इंचार्ज विनय अग्निशमन उपकरण लेकर मौके पर पहुंचे। गार्डों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास कर रहे दंपती को सुरक्षित बाहर निकाला। आग पर काबू पाने के प्रयास में दोनों बुजुर्ग मामूली रूप से झुलस गए। उन्हें परिजनों की मदद से दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार जारी है। दंपती की हालत खतरे से बाहर है।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। सोसायटी के सुरक्षा गार्डों और दमकल कर्मियों की संयुक्त कोशिश से करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक फ्लैट के तीन कमरों में रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और घरेलू उपयोग की कई वस्तुएं जल चुकी थीं। निवासियों का कहना है कि आग मंदिर में दिया जलता छोड़ने के कारण लगी।
वहीं फायर स्टेशन ईकोटेक-3 के अग्निशमन अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि आशंका है कि घरेलू गैस सिलिंडर में पहले से रिसाव हो रहा था। पूजा के दौरान दीपक जलाने से गैस ने आग पकड़ ली। घटना में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई है। लेकिन आग से भारी हुआ है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।