• Sun. Feb 1st, 2026

नोएडा :महिला पत्रकार के बैंक खातों में जमा एक करोड़ रुपये फ्रीज, ब्लैकमेलिंग का आरोप

Report By : ICN Network

नोएडा में एक महिला पत्रकार पर रंगदारी मांगने और ब्लैकमेलिंग का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला पत्रकार के बैंक खातों में जमा एक करोड़ रुपये से अधिक की रकम को फ्रीज कर दिया है। बताया जा रहा है कि आरोपित ने शिकायतकर्ता से बीते एक वर्ष के भीतर चेक के माध्यम से करीब 2.26 करोड़ रुपये वसूले थे।

पुलिस के अनुसार, नोएडा सेक्टर-62 स्थित एक समाचार चैनल के सीईओ और मुख्य संपादक ने करीब दस दिन पहले सेक्टर-58 थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि वर्ष 2022 से चैनल में एंकर के रूप में कार्यरत शाजिया निसार झूठे दुष्कर्म और आत्महत्या के केस में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रही थी। आरोप है कि शाजिया उनसे अवैध रूप से 60 करोड़ रुपये की मांग कर रही थी।

ब्लैकमेलिंग के इस पूरे मामले में एक अन्य एंकर आदर्श झा का भी नाम सामने आया है, जो डिजिटल मीडिया यूनिट में तैनात था। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों ने मिलकर शिकायतकर्ता से कई बार में चेक के माध्यम से मोटी रकम वसूली थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के पास से तीन मोबाइल, दो लैपटॉप और एक स्कॉर्पियो वाहन भी बरामद किया गया है।

पुलिस ने अब शाजिया निसार के बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है और जल्द ही आदर्श झा के बैंक खातों को भी फ्रीज करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मामले की गहन जांच जारी है।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)