• Thu. Feb 19th, 2026

गुरुग्राम: जिले में सांसद खेल महोत्सव की तैयारियां पूरे उत्साह और व्यापक स्तर पर की जा रही

ByAnkshree

Dec 25, 2025
जिले में सांसद खेल महोत्सव की तैयारियां पूरे उत्साह और व्यापक स्तर पर की जा रही हैं। यह प्रतियोगिता गुरुग्राम, रेवाड़ी एवं नूंह जिले में एक साथ 27 से 29 दिसंबर तक होगी। पहली बार तीनों जिलों में संयुक्त रूप से इतने बड़े स्तर पर खेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ी भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। गुरुग्राम के ताऊ देवीलाल खेल स्टेडियम में एथलेटिक्स और बॉक्सिंग, रेवाड़ी के राव तुलाराम खेल स्टेडियम और अहीर कॉलेज में कबड्डी (एनएस) एवं फुटबॉल, नेहरू खेल स्टेडियम सिविल लाइन गुरुग्राम में वॉलीबॉल, जूडो, जिम्नास्टिक एवं हॉकी, जबकि डीएवी पुलिस लाइन नूंह में कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

खेल विभाग के उपनिदेशक गिरिराज सिंह ने बताया कि पंजीकरण प्रक्रिया के तहत तीनों जिलों से 2700 से अधिक युवाओं ने आवेदन किए हैं। उन्होंने बताया कि खेल महोत्सव के दौरान एथलेटिक्स, कबड्डी (एनएस), फुटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी, कुश्ती, बॉक्सिंग, आर्चरी, जूडो एवं जिम्नास्टिक सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री एवं गुरुग्राम के सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने युवाओं से इस खेल महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सशक्त मंच प्रदान करेगा। यह आयोजन प्रधानमंत्री के फिट इंडिया मूवमेंट को जन-आंदोलन का रूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जो युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। इस महोत्सव के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को पहचान मिलने के साथ-साथ उन्हें राज्य व राष्ट्रीय स्तर तक आगे बढ़ने का अवसर भी प्राप्त होगा।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )