• Thu. Feb 19th, 2026

नोएडा:शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर झांसा देकर एक आर्किटेक्ट से 11.99 करोड़ रुपये की ठगी

ByAnkshree

Dec 5, 2025
साइबर जालसाजों ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर झांसा देकर एक आर्किटेक्ट से 11.99 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। यह नोएडा में व्यक्तिगत तौर पर अब तक की सबसे बड़ी साइबर ठगी बताई जा रही है। जालसाजों ने एप डाउनलोड कराकर वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

सेक्टर-47 में रहने वाले एक शख्स ने पुलिस से शिकायत की है कि वह आर्किटेक्ट हैं और कंसल्टेंट इंजीनियर है। उसके पास 17 अक्तूबर को क्यारा शर्मा नाम की महिला ने मैसेज किया और खुद को इनवेस्टमेंट कंसल्टेंट बताया। महिला ने कहा कि शेयर मार्केट में निवेश कर वह बेहतर मुनाफा पा सकते हैं। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत हुई और पीडि़त महिला की बातों में आ गया। इस पर महिला ने एक व्हाट्स एप ग्रुप में जोड़ दिया। महिला ने पीडि़त को ग्रुप में जोडक़र उसके पास एक लिंक भेजा।
लिंक पर क्लिक करते ही एक एप डाउनलोड हो गया। करीब एक महीने बाद 17 नवंबर को उस ग्रुप से हटाकर उसे एक अन्य ग्रुप से जोड़ा गया। इसमें काफी लोग शेयर मार्केट में निवेश कर रहे थे। साथ ही शेयर मार्केट में पैसा लगाने के बाद हुए फायदे का स्क्रीनशॉट भी डाल रहे थे। उन्हें विश्वास हो गया कि इस ग्रुप के लोग शेयर मार्केट में पैसा निवेश कर काफी मुनाफा कमा रहे हैं। इसके बाद उन्होंने भी निवेश करना शुरू कर दिया। शुरू में तो साइबर ठगों ने उनके निवेश किए गए पैसे को दोगुना कर वापस कर दिया लेकिन जब उन्होंने कई बार में 11 करोड़ 99 लाख 50 हजार रुपये उनके बताए हुए खाते में डाल दिए। इसके बाद पैसे निकालने की बात कही तो टैक्स आदि के रूप में उनसे 17 करोड़ रुपये की मांग की गई। उन्होंने देने से मना कर दिया तो ठगों ने ग्रुप से बाहर कर दिया। एडीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है और उन खातों की जांच की जा रही है जिनमें रकम भेजी गई थी।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )