यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) नए वर्ष की शुरुआत में आवासीय भूखंडों की एक बड़ी योजना लॉन्च करने जा रहा है, जिसका हजारों लोगों को बेसब्री से इंतजार है। प्राधिकरण ने इस नई योजना का प्रस्ताव रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (RERA) में पंजीकरण के लिए भेज दिया है, जिसके बाद इसे औपचारिक रूप से जारी किया जाएगा। यह योजना यमुना एक्सप्रेसवे के सेक्टर-15C, 18 और 24A में लाई जा रही है। इन क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है और अब सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इसका आवंटन शुरू किया जाएगा।
जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, केवल सेक्टर-15C में ही कुल 973 आवासीय भूखंड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह प्लॉट 162 वर्गमीटर से 290 वर्गमीटर तक के अलग-अलग आकारों में होंगे। इनमें किसानों के लिए 17.5 प्रतिशत का विशेष कोटा निर्धारित किया गया है, जबकि 5 प्रतिशत प्लॉट क्रियाशील औद्योगिक इकाइयों को और 77.5 प्रतिशत प्लॉट सामान्य श्रेणी के आवेदकों के लिए उपलब्ध रहेंगे। यह योजना विशेष रूप से मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए आकर्षक विकल्प माना जा रहा है क्योंकि प्लॉटों के आकार और भुगतान प्रक्रिया को काफी अनुकूल रखा गया है