• Wed. Feb 18th, 2026

नोएडा: पार्ट्स निकाल दूसरे मोबाइल में डालकर बेचने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफ़ाश

ByAnkshree

Dec 11, 2025
नोएडा। एनसीआर में मोबाइल छीनकर उसके पार्ट्स निकाल दूसरे मोबाइल में डालकर बेचने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस ने इस गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन बदमाशों के पास से 52 मोबाइल बरामद किए गए हैं। इन बदमाशों ने एनसीआर में 200 से अधिक मोबाइल स्नेचिंग की है। पुलिस इस गिरोह में शामिल अन्य बदमाशों की पहचान कर रही है।

नोएडा के डीसीपी यमुना प्रसाद ने बताया कि कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस की टीम ने बुधवार को सेक्टर 60 के पास से चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इन बदमाशों की पहचान विजय निवासी गांव रामापुर जनपद बस्ती, अमन निवासी गांव कटरा रामपुर जनपद मैनपुरी, रितेश नोएडा सेक्टर 63 चोटपुर कॉलोनी, कमरू निवासी गांव सासनी, बिहार मोतिहारी के रूप में हुई है। इस गिरोह का सरगना रितेश है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सेक्टर 63 में मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाता है और स्पोटर्स बाइक से अलग अलग स्थानों पर रेकी करता है। इसके बाद रात में अपने अन्य साथियों के साथ मोबाइल व चेन स्नेचिंग और पीजी से लैपटॉप, मोबाइल चोरी करते थे। चोरी के मोबाइल को रितेश की दुकान पर खपाया जाता था। जो लोग उसके यहां मोबाइल बनवाने आते हैं। उन्हीं के फोन में स्नैचिंग के मोबाइल के पाटर्स को लगा कर देता था। ऐसे में एक मोबाइल से दो से 10 हजार रुपये तक कमा लेते थे। इस गैंग ने अब तक 200 से अधिक लोगों के साथ में इस तरह की घटनाएं की हैं।

जेल से छूटने के बाद करने लगे अपराध : गिरोह में शामिल बदमाश पहले भी जेल गए हैं। गिरफ्तार विजय 2017 और 2018 में जेल गया था। अमन के खिलाफ कोतवाली सेक्टर-63 में प्राथमिकी दर्ज है और कमरू उर्फ कमरूद्दीन चार बार 2018, 2023, 2024, 2025 में मोबाइल लूट की वारदात में जेल गया था। कमरू एक बार पुलिस मुठभेड़ में भी पकड़ा गया था। जेल में इन बदमाशों की दोस्ती और गहरी हुई और बाहर आकर कई घटनाएं करने लगे। विजय, अमन और कमरू नोएडा में नौकरी करने के लिए आए हुए थे आरोपी एक ही स्थान पर कमरे लेकर रहते थे।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )