उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी न होने से सूखी ठंड खूब परेशान कर रही हैं। उधर आने वाले दो-तीन दिनों में प्रदेश भर में रातें और सर्द होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री तक की कमी देखने को मिलेगी। जबकि मैदानी इलाकों में सप्ताह भर में कई बार कोहरा छाने से ठंड परेशान करेगी।
क्रिसमस और नए साल से पहले उत्तराखंड में बदलते मौसम ने ठंड बढ़ा दी है। मैदानी इलाकों में छाए कोहरे ने अचानक ठंड बढ़ा दी थी और सामान्य तापमान में नौ डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि रविवार को कोहरा छटा तो तापमान सामान्य के पास पहुंच गया और सूखी ठंड से राहत मिली।
आंकड़ों पर नजर डालें तो बीते शनिवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री कमी के साथ 12.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। इसके चलते जनजीवन प्रभावित रहा और कोहरे की वजह दृश्यता भी कम रही। जबकि रविवार को दिन में दून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री इजाफे के साथ 22.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। उधर रात का न्यूनतम तापमान भी 7.1 डिग्री के साथ सामान्य रहा।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की सर्द हवाएं उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में पहुंची। जिसके चलते कोहरे मात्र से शीत दिवस जैसी स्थिति बन गई। हालांकि 23 से 26 दिसंबर तक प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा। 27 दिसंबर को प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में मौसम बदलने की संभावना है और ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश-बर्फबारी के आसार है।