• Mon. Sep 28th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

एटा: पांचों भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए

उत्तर प्रदेश ग्राम विकास बैंक लि. (भूमि विकास बैंक) की पांच शाखाओं के अध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया हुई। भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों के एकल नामांकन होने पर सभी प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। एटा शाखा पर रामवीर धनगर, मारहरा से संतोष चौहान, जलेसर से दर्शनपाल सिंह बंटू, जैथरा से ब्रजेश सिंह, अलीगंज से नवीन कुमार निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं।

शीतलपुर ब्लॉक पर एटा शाखा के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड, मारहरा विधायक वीरेंद्र लोधी, ब्लॉक प्रमुख पुष्पेंद्र लोधी, नरेंद्र उपाध्याय, पूर्व जिलाध्यक्ष संदीप जैन ने रामवीर धनगर का नामांकन कराया। दोपहर तीन बजे तक किसी के नामांकन न करने पर उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

मारहरा में संतोष चौहान के नामांकन में पूर्व सांसद राजवीर सिंह के आने पर भाजपाइयों का जोश देखते ही बन रहा था। ब्लॉक परिसर में मारहरा विधायक, भाजपा जिलाध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख रवि वर्मा आदि मौजूद रहे।

अलीगंज में नवीन कुमार ने विधायक सत्यपाल सिंह राठौर, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. अशोक रतन शाक्य की मौजूदगी में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया। घोषणा होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूलमाला पहनाकर नवीन का स्वागत करते हुए बधाई दी।
जलेसर में ब्लॉक परिसर में समर्थकों के साथ पहुंचकर भाजपा नेता दर्शनपाल सिंह बंटू ने अध्यक्ष पद के लिए पर्चा भरा। निर्विरोध निर्वाचित होने की घोषणा पर माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस मौके पर डीसीबी चेयरमैन प्रत्येंद्रपाल सिंह, विधायक संजीव दिवाकर, सचिन उपाध्याय, रमेशपाल सिंह, राजेश कुमार, हरेंद्र प्रधान सहित अनेक भाजपाई मौजूद रहे।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )