• Fri. Apr 17th, 2026

दिल्ली: फिल्मी स्टाइल में 500 से ज्यादा महिलाओं से दो करोड़ से ज्यादा ठगे

दक्षिण-पश्चिमी जिले की साइबर थाना पुलिस ने रोमांस स्कैम का पर्दाफाश करते हुए 24 परगना नॉर्थ, पश्चिम बंगाल निवासी आनंद कुमार (35) को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल के जरिये डॉक्टर, फिल्म निर्माता, वकील, कारोबारी एवं मॉडल बनकर देशभर में महिलाओं से ठगी कर रहा था। वह पूरे देश 500 से ज्यादा महिलाओं से दो करोड़ रुपये से अधिक की ठगी कर चुका है। आरोपी के कब्जे से 4 फोन, 8 सिम कार्ड, डेबिट कार्ड और गहने बरामद किए गए हैं।
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अमित गोयल ने बताया कि जिस आनंद कुमार को गिरफ्तार किया हैै, वह डेटिंग और विवाह संबंधी मंचों के माध्यम से महिलाओं को निशाना बनाकर रोमांस स्कैम, मोहपाश और ऑनलाइन ब्लैकमेल का एक संगठित नेटवर्क चला रहा था। वह महिलाओं से संपर्क करने के लिए विभिन्न सोशल मीडिया मंचों के साथ-साथ डेटिंग और विवाह संबंधी ऐप’ पर फर्जी पहचान के आधार पर प्रोफाइल बनाता था। इसके बाद उनकी भावनाओं से खेलता था।
कई राज्यों में महिलाओं से बात करता था : पूछताछ में एसआई प्रिंयका को पता लगा कि वह एक साथ फर्जी पहचानों के आधार पर कई सोशल मीडिया प्रोफाइल चला रहा था और कई राज्यों में पीड़िताओं के साथ संवाद कर रहा था। तकनीकी विश्लेषण से पता चला है कि आरोपी ने 500 से अधिक महिलाओं को निशाना बनाया था और उनसे लगभग दो करोड़ रुपये की धोखाधड़ी या जबरन वसूली की थी। दिल्ली और गाजियाबाद में भी इसी तरह के मामलों में उसकी संलिप्तता रही है।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )