इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती कब धोखे और परेशानी में बदल गई, इसका एक चौंकाने वाला मामला ग्रेटर नोएडा से सामने आया है। बिहार की एक युवती अपने कथित प्रेमी से मिलने के लिए यहां पहुंची, लेकिन मुलाकात तो दूर, उसका फोन ही बंद हो गया। अब मामला सूरजपुर कोतवाली तक पहुंच गया है।परेशान युवती ने सूरजपुर कोतवाली में शिकायत दी। जिस पर पुलिस ने युवती के परिजनों को सूचना दी है और युवती को नारी निकतेन भेजा है।
बिहार निवासी रीना इंस्टाग्राम और फेसबुक का इस्तेमाल करती है। पुलिस ने बताया कि कुछ समय पहले उसकी इंस्टाग्राम पर एक युवक से दोस्ती हुई। दोनों के बीच लगातार बातचीत होने लगी। जो प्रेम-प्रसंग में बदल गई। आरोप है कि युवक ने खुद को सूरजपुर क्षेत्र की एक निजी कंपनी में नौकरी करने की जानकारी दी थी। दोनों के बीच शादी करने पर सहमति बनी थी। आरोप है कि युवक ने उसे मिलने के लिए ग्रेटर नोएडा बुलाया। युवक की बातों में आकर वो यहां आ गई। इसके बारे में परिजनों को भी जानकारी नहीं दी थी। अब यहां आने पर युवक का फोन बंद जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी वो जवाब नहीं दे रहा है। परेशान होकर युवती ने पुलिस से मदद मांगी। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि युवती के परिजनों को सूचना दी गई है। सुरक्षा के लिए युवती को नारी निकेतन भेजा गया है।

