• Sun. Oct 4th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

गड़बड़ी की शिकायत करने वाले छात्रों को सीबीएसई ने स्पष्ट जवाब 

बारहवीं कक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी देखने के बाद अंकों की गणना में गड़बड़ी की शिकायत करने वाले छात्रों को सीबीएसई ने स्पष्ट जवाब दिया है। बोर्ड ने कहा है कि जिन प्रश्नों में छात्रों ने निर्धारित संख्या से अधिक उत्तर दिए हैं, उनमें केवल सर्वाधिक अंक प्राप्त उत्तर को ही कुल योग में शामिल किया जाता है। अतिरिक्त हल किए गए प्रश्नों के अंक कुल अंक में नहीं जोड़े जाते। सीबीएसई के अनुसार, मूल्यांकित उत्तरपुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी प्राप्त करने वाले कुछ छात्रों ने गणना शीट और अंतिम प्राप्तांक के बीच अंतर की शिकायत की थी। इस पर बोर्ड ने स्पष्ट किया कि कई प्रश्नों में आंतरिक विकल्प दिए जाते हैं, लेकिन कुछ छात्र एक से अधिक विकल्पों के उत्तर लिख देते हैं। ऐसे मामलों में बोर्ड की नीति के तहत उम्मीदवार के लिए सबसे अधिक अंक वाले उत्तर को ही मान्य माना जाता है।
बोर्ड ने बताया कि जिन उत्तरों के अंक कुल योग में शामिल नहीं किए जाते, उनके सामने उत्तरपुस्तिका में (*) का निशान लगाया जाता है। साथ ही नीचे फुटनोट में स्पष्ट उल्लेख किया जाता है कि इन अंकों को टोटलिंग में शामिल नहीं किया गया है। सीबीएसई ने उदाहरण देते हुए बताया कि यदि किसी प्रश्न में दो विकल्प हैं और छात्र दोनों का उत्तर देता है, तो अधिक अंक वाले उत्तर को ही अंतिम गणना में जोड़ा जाता है।

कम अंक वाले उत्तर के सामने (*) चिह्न लगाया जाता है और उसे अतिरिक्त प्रयास माना जाता है। बोर्ड ने छात्रों से अपील की है कि वे उत्तरपुस्तिका की गणना शीट देखते समय (*) चिह्न और उससे जुड़े फुटनोट को ध्यानपूर्वक पढ़ें। इससे अंकों की गणना को लेकर होने वाले भ्रम से बचा जा सकेगा और पुनर्मूल्यांकन संबंधी अनावश्यक शिकायतें भी कम होंगी।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )