• Wed. Feb 4th, 2026

बीएमसी मुख्यालय में BJP पार्षदों की पहली बैठक, ‘जय श्री राम’ के नारों से गूंजा माहौल, मुंबई मेयर की घोषणा कब?

मुंबई: बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) में मेयर चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। सोमवार को बीजेपी और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के पार्षद बीएमसी मुख्यालय पहुंचे, जहां दोनों दलों की अहम बैठक आयोजित हुई। बीजेपी पार्षदों की मीटिंग में खासा उत्साह नजर आया और ‘जय श्री राम’ के नारों से माहौल गूंज उठा। बैठक की अध्यक्षता मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमीत साटम ने की।

इस बार बीएमसी चुनाव में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि सामान्य वर्ग की किसी महिला पार्षद को मेयर पद की जिम्मेदारी मिल सकती है। हालांकि शिंदे गुट की शिवसेना भी इस पद पर अपना दावा ठोक रही है, जिससे सियासी हलचल और बढ़ गई है।

सूत्रों के मुताबिक, महायुति के घटक दल—बीजेपी, शिवसेना और एनसीपी—के पार्षदों ने सोमवार को बीएमसी भवन में बैठक की। इसके बाद कोंकण भवन में पार्षदों के पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। साथ ही सभी दल अपने-अपने समूह नेताओं का चयन कर रहे हैं। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना पहले ही पूर्व मेयर किशोरी पेडनेकर को ग्रुप लीडर घोषित कर चुकी है।

बताया जा रहा है कि मुंबई को 6 फरवरी तक नया मेयर मिल सकता है। लॉटरी प्रक्रिया में मेयर पद सामान्य वर्ग की महिला के लिए आरक्षित हुआ है। सूत्रों के अनुसार बीजेपी ने दहिसर के वार्ड नंबर 7 से जीतने वाली गणेश खनकर को ग्रुप लीडर चुना है, हालांकि आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। वहीं शिंदे गुट ने अमेय घोले को अपना समूह नेता बनाया है।

227 सदस्यीय बीएमसी में बहुमत का आंकड़ा 114 है। बीजेपी के पास 89 पार्षद हैं, जबकि शिंदे गुट के 29 सदस्य हैं। दोनों मिलकर बहुमत से चार ज्यादा सीटों पर पहुंचते हैं। माना जा रहा है कि अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के तीन पार्षद भी महायुति का समर्थन कर सकते हैं, जिससे सत्ता पक्ष की संख्या 121 तक पहुंच सकती है। अंदरखाने बीजेपी और शिवसेना के बीच ताकत दिखाने की कवायद भी जारी बताई जा रही है।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)