साइबर ठग अब लोगों को निशाना बनाने के लिए फर्जी ई-चालान और एपीके (एपीके) फाइल का सहारा ले रहे हैं। तिलपता गांव निवासी एक युवक ने वाहन चालान समझकर मोबाइल पर आई एपीके फाइल डाउनलोड कर ली। फाइल के भीतर दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही कुछ ही मिनटों में उसके बैंक खाते से एक लाख रुपये से अधिक की रकम निकल गई। पीड़ित की शिकायत पर सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।तिलपता निवासी धर्मेंद्र शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके मोबाइल फोन पर पिछले कई दिनों से वाहन चालान संबंधी मैसेज लगातार आ रहे थे।
शुरुआत में उन्हें शक हुआ कि यह साइबर ठगों की चाल है इसलिए उन्होंने किसी भी मैसेज को नहीं खोला। हालांकि लगातार एक जैसे संदेश मिलने पर उन्हें लगा कि संभव है उनके वाहन का वास्तव में चालान हुआ हो। उन्होंने मैसेज में भेजी गई एपीके फाइल डाउनलोड कर ली। फाइल खुलने पर उसमें एक लिंक दिखाई दिया। जैसे ही उन्होंने लिंक पर क्लिक किया, कुछ ही क्षण बाद बैंक से 589 रुपये खाते से कटने का संदेश मिला। इस पर उन्हें साइबर ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने तत्काल बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र पर फोन कर अपना खाता ब्लॉक कराने की प्रक्रिया शुरू की।

