• Wed. Sep 16th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

दादरी: सलारपुर गांव में साढ़े सात घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा

सलारपुर गांव में बृहस्पतिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक जारचा कोतवाली पुलिस और स्थानीय नेता पर आरोप लगाते हुए आत्महत्या की धमकी देकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। इससे पहले वीडियो बनाकर उसने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसमें उसने पुलिस और स्थानीय नेता पर परेशान करने के आरोप लगाए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। करीब साढ़े सात घंटे की मशक्कत के बाद युवक को समझा-बुझाकर नीचे उतारा गया।
सलारपुर निवासी शिवम बृहस्पतिवार दोपहर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही वहां भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था।

युवक को उतारने के लिए पहुंची एनडीआरएफ
सूचना पर एसीपी प्रशाली गंगवार व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कैलाश नाथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने युवक के परिजनों और करीबी लोगों को भी मौके पर बुलाया ताकि बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतारा जा सके। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने एहतियातन टावर के चारों ओर सुरक्षा जाल लगा दिया। शाम करीब 7:30 बजे काफी समझाने-बुझाने के बाद युवक आखिरकार टावर से नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ ले गई और उससे पूछताछ की।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि युवक पूर्व में भी इसी तरह आत्महत्या की धमकी देकर टावर पर चढ़ चुका है। वह एक पुराने मामले में जेल भी जा चुका है। वह नशे का आदी है और अक्सर तरह-तरह के आरोप लगाता रहता है।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )