• Mon. Feb 2nd, 2026

लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में भीषण आग, 200 से अधिक मरीजों को सुरक्षित निकाला गया, एक की मौत

Report By : ICN Network

लखनऊ के लोकबंधु राजनारायण संयुक्त अस्पताल में सोमवार रात को अचानक आग लग गई, जिससे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। आग दूसरी मंजिल पर स्थित आईसीयू और हाई डिपेंडेंसी यूनिट (HDU) में लगी थी। घटना के समय अस्पताल में करीब 200 मरीज मौजूद थे, जिन्हें तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला गया।

इस हादसे में एक मरीज की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गंभीर मरीजों को किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU), बलरामपुर अस्पताल और सिविल अस्पताल में स्थानांतरित किया गया।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की और बताया कि सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है तथा स्थिति अब नियंत्रण में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

जिलाधिकारी विशाख अय्यर ने पुष्टि की कि आग पूरी तरह बुझा दी गई है और सभी मरीज सुरक्षित हैं। अस्पताल की निदेशक डॉ. संगीता गुप्ता ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और सभी मरीजों की स्थिति स्थिर है।

यह घटना अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्थाओं और आपातकालीन प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)